फोटो 28जेएनडी05-प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मुख्यालय माउंट आबू में जींद स
जींद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू में आयोजित ग्लोबल समिट में ब्रह्माकुमारीज जींद सर्कल इंचार्ज राजयोगिनी बीके विजय दीदी को विशेष सम्मान से नवाजा गया। संस्था के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में 50 वर्षों से अधिक समय से संस्थान से जुड़कर सेवाएं दे रहे वरिष्ठ भाई-बहनों को उनके आध्यात्मिक समर्पण, त्याग और निस्वार्थ सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया था। बीके विजय दीदी को मिला यह सम्मान उनकी दीर्घकालीन आध्यात्मिक सेवाओं और ईश्वरीय कार्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। वह लंबे समय से राजयोग मेडिटेशन, नैतिक मूल्यों, नारी सशक्तिकरण, नशामुक्ति और समाज में शांति एवं सद्भावना का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में योगदान दे रही हैं। संस्था के 90 वर्षों के आध्यात्मिक सफर में वरिष्ठ भाई-बहनों की सेवाओं को विशेष महत्व दिया गया। उनके त्याग, तपस्या और निरंतर सेवा भाव को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया गया। ग्लोबल समिट के दौरान आयोजित सम्मान समारोह में लंबे समय से संस्था से जुड़े लोगों के योगदान को सराहा गया। बीके विजय दीदी को सम्मान मिलने से जींद क्षेत्र के ब्रह्माकुमारीज़ परिवार में खुशी का माहौल है। संस्थान से जुड़े भाई-बहनों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की उपलब्धि बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजय दीदी की आध्यात्मिक सेवाएं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास दूसरों को भी सेवा, शांति और सद्भावना के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।