12जेएनडी32: ग्रामीण सफाई कर्मियों की बैठक में विचार विर्मश करते कॉमरेड रमेश चंद्र व अन्य। स्रोत
पिल्लूखेड़ा। पिल्लूखेड़ा ब्लॉक के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की बैठक रविवार को ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन ब्लॉक प्रधान कपूर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। मीटिंग में यूनियन के जिला सचिव पवन ने बताया कि भाजपा सरकार ने लगातार ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की अनदेखी की है। पिछले साल ग्रामीण सफाई कर्मियों की 53 दिन हड़ताल चली थी। उस हड़ताल में सरकार के साथ ग्रामीण सफाई कर्मियों की मांगों को लेकर समझौता हुआ था कि ग्रामीण सफाई कर्मियों का मानदेय 14 हजार से बढ़ाकर 17 हजार किया जाएगा और वार्षिक बढ़ौतरी की जाएगी। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को गंभीरता से लेकर पक्का करने की ओर बढ़ा जाएगा लेकिन सरकार इनमें से किसी भी वादे पर खरी नहीं उतरी। इसलिए ग्रामीण सफाई कर्मचारियों में भाजपा के प्रति भारी गुस्सा है जिसका जवाब ग्रामीण सफाई कर्मचारी व उनका परिवार भाजपा को वोट की चोट से देगा।
सीटू नेता कॉमरेड रमेश चंद्र ने कहा कि भाजपा सरकार ने अग्निपथ योजना लाकर देश और प्रदेश के युवाओं से सैनिक बनने का सपना छीन लिया। सरकारी शिक्षा के तंत्र को मजबूत करने, शिक्षकों की भर्ती करने की बजाए चिराग योजना, स्कूल मर्जर के नाम पर शिक्षा का निजीकरण किया। सरकारी ढांचे की बजाए आयुष्मान योजना में प्राइवेट अस्पतालों की लूट को बढ़ाया। सरकारी विभागों में खाली पदों को भरने की बजाए हरियाणा कौशल रोजगार निगम के नाम पर पढ़े लिखे युवाओं को कच्चे रोजगार में धकेला गया। किसान-मजदूरों को कर्जवान बना दिया व लोगों को जाति और धर्म के नाम पर लड़ाया जा रहा है। इस अवसर पर कर्मबीर, नरेश, राजेश, धर्मेंद्र, संजय, बलबीर, जयबीर मौजूद थे।
12जेएनडी32: ग्रामीण सफाई कर्मियों की बैठक में विचार विर्मश करते कॉमरेड रमेश चंद्र व अन्य। स्रोत