फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: भाजपा समर्थित अर्चना शर्मा सर्वसम्मति से बनीं नगर परिषद की उपप्रधान

विज्ञापन
सर्वसम्मति से चुनी गई उपप्रधान अर्चना शर्मा। संवाद - फोटो : Jind
विज्ञापन
जींद। नगर परिषद के उपप्रधान पद पर शुक्रवार को चुनाव हुआ। इस दौरान 17 पार्षदों ने सहमति जताते हुए वार्ड-5 से भाजपा समर्थित पार्षद अर्चना शर्मा को सर्वसम्मति से उप प्रधान चुन लिया। नवनिर्वाचित उप प्रधान अर्चना शर्मा ने चेयरपर्सन और पार्षदों का आभार जताते हुए उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने की बात कही है।
विज्ञापन

नगर परिषद का उप प्रधान बनाने में भाजपा कामयाब रही। शुक्रवार को हुई तीसरी बैठक में 31 में से 17 पार्षद और चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी मौजूद रहीं। वहीं 14 पार्षदों ने बैठक से दूरी बनाई। बैठक में शामिल नहीं होने वाले ज्यादातर पार्षद भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा के नजदीकी थे। हाजिरी लगाने के बाद चुनाव की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी उपस्थित पार्षदों को दी गई। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस दौरान चुनाव को लेकर नामांकन की प्रक्रिया बताई गई लेकिन किसी ने नामांकन नहीं किया। चुनाव से एक दिन पहले माना जा रहा था कि तीसरी बैठक भी स्थगित हो सकती है। क्योंकि पार्षद भी दो गुटों में बंट गए थे। ऐसे में भाजपा जिलाध्यक्ष राजू मोर, भाजपा जिला महामंत्री डॉ. राज सैनी, पूर्व प्रदेश सचिव जवाहर सैनी, सज्जन गर्ग ने मोर्चा संभालते हुए 17 पार्षदों को एकजुट किया और चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी के घर बैठक कर उपप्रधान पद के लिए वार्ड-5 से पार्षद अर्चना शर्मा के नाम पर सहमति बनाई।
इसके बाद पार्षद नगर परिषद की तीसरी मंजिल पर चुनाव के लिए बुलाई गई बैठक में पहुंचे जहां निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सुबह सवा 11 बजे उपस्थित हाजिरी दर्ज कराई। मौके पर 17 पार्षद और चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी मौजूद रहीं जबकि बैठक का कोरम पूरा करने के लिए आधे से अधिक 32 सदस्यों में से 17 का उपस्थित होना जरूरी था। सदस्यों की संख्या 18 रही। दोपहर 12 बजे तक केवल वार्ड-5 से पार्षद अर्चना शर्मा की तरफ से ही नामांकन भरा गया। केवल एक नामांकन ही भरे जाने की वजह से 12:15 बजे एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी अमित कुमार ने अर्चना शर्मा को विजेता घोषित कर दिया।
विज्ञापन

भाजपा जिलाध्यक्ष राजू मोर ने कहा कि यह पूरे भाजपा संगठन की जीत है। सर्वसम्मति से उपप्रधान चुनने में पार्षदों के साथ-साथ विधायक, चेयरपर्सन सहित संगठन के लोगों की भूमिका रही है। चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी ने कहा कि पार्षदों ने सर्वसम्मति से अर्चना शर्मा को उप प्रधान चुना है, जिसमें भाजपा संगठन की भी अहम भूमिका रही है। सभी मिलकर शहर को विकास के मामले में आगे बढ़ाएंगे।
वर्जन
सहयोग करने वाले सभी पार्षद और चेयरपर्सन का आभार जिन्होंने उनको उपप्रधान बनाने में सहयोग किया। जो जिम्मेदारी उन्हें दी गई है, वह उस खरा उतरने का काम करेंगी।-अर्चना शर्मा, उपप्रधान, नगर परिषद जींद।
वर्जन
उपप्रधान चुनाव की प्रक्रिया पूरी की गई है। 17 पार्षद और चेयरपर्सन ने सर्वसम्मति से वार्ड नंबर-5 से पार्षद अर्चना शर्मा का नाम रखा। कोई अन्य नाम नहीं आया। इसलिए उन्हें उपप्रधान चुन लिया गया है।-अमित कुमार, एसडीएम, जींद।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें