जींद। असरफगढ़ गांव के पास तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आने से मालसरी खेड़ा गांव निवासी 29 वर्षीय युवक अक्षय की मौत हो गई।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में मालसरी खेड़ा निवासी अजय ने बताया कि सोमवार सुबह वह खुद, उसका चाचा रामकरण व उसका भाई अक्षय किसी काम के चलते किनाना गए थे। इस दौरान वह खुद और उसका चाचा एक बाइक पर थे, जबकि उसका भाई अक्षय दूसरी बाइक पर था। जब वह काम काज निपटाकर वापस असरफगढ़ गांव के पास पहुंचे तो सामने से एक तेज रफ्तार गति में ट्राला आया और उसके भाई की बाइक को टक्कर मार दी। इसमें वह सड़क पर जा गिरकर घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। इसी दौरान उन्होंने घायल अक्षय को शहर के नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।