जींद-नरवाना बाईपास पुल के पास खड़ी दुर्घटनाग्रस्त बस और बाइक। विज्ञप्ति
- फोटो : Jind
जींद। जींद-नरवाना बाईपास पुल के पास बुधवार देर रात गलत दिशा में आ रही रोडवेज बस टक्कर से बाइक क्रेन ऑपरेटर की मौत हो गई। हादसे के बाद रोडवेज बस का चालक भाग गया। सूचना पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्रेन ऑपरेटर राहुल (28) उत्तर प्रदेश के मुज्जफ्फरनगर के गांव बुआपुर व हाल मुकाम दुर्गा कालोनी दो बच्चों और पत्नी के साथ रहता था। वह शुगर मिल में क्रेन ऑपरेटर के तौर पर कार्य करता था। मुज्जफरनगर निवासी रवि कुमार ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शुगर मिल में फीटर का कार्य करता है। बुधवार रात को वह बाइक पर सवार होकर जींद से शुगर मिल जा रहा था। उसके आगे दुर्गा कालोनी निवासी राहुल भी बाइक पर जा रहा था। जब वह जींद-नरवाना बाईपास पर पुल के नीचे पहुंचे तो सामने से गलत दिशा में आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने राहुल की बाइक को टक्कर मार दी जिससे राहुल गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया।
एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार की जान गई
जींद। रोहतक रोड पर सिलिंडरों से भरे ट्रक के चालक ने ट्रक को बैक करते समय स्कूटी पर चढ़ा दिया जिससे स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नागरिक अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। सदर थाना पुलिस ने ट्रक चालक अजमेर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नगूरां गांव निवासी प्रदीप ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नौ नवंबर को वह काम देखने के लिए रोहतक रोड पर आया हुआ था। शाम के समय वह रोहतक रोड महेंद्र एजेंसी के गेट के पास खड़ा था। उसके चाचा का लड़का अंकित (18) स्कूटी पर उसे लेने के लिए आ रहा था। जब वह उसके नजदीक पहुंचा तो गैस सिलिंडरों से भरे एक ट्रक के चालक ने ट्रक बैक करते हुए स्कूटी पर चढ़ा दिया। हादसे में उसका भाई अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी वजीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक अजमेर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। संवाद