संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। डीएवी स्कूलों का भारत स्काउट और गाइड का दस्ता गोवा में एडवेंचर कैंप लगा कर लौट आया है। कैंप कमांडेंट तथा डीएवी जोन के जिला कमिश्नर डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने बताया कि इस कैंप में डीएवी पब्लिक स्कूलों के 100 छात्रों ने भाग लिया। इनमें 60 छात्र स्काउट तथा 39 छात्राएं गाइड के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त करके आई हैं।
इस कैंप की विशेषता यह थी कि इसमें भारत स्काउट की ट्रेनिंग तो दी ही गई। साथ में गोवा का भ्रमण भी करवाया गया। जींद, सफीदों, टोहाना, रतिया, जाखल इत्यादि स्थानों से गए विद्यार्थियों के लिए गोवा के पर्यटन स्थल आकर्षण का केंद्र रहे। जिसमें रिवर राफ्टिंग, रॉक क्लाइंबिंग, मैराथन जैसे एडवेंचरस गेम्स के साथ-साथ समुद्र में जलपोत का भ्रमण करना तथा गोवा के समुद्री तटों का भ्रमण भी किया गया। समस्त गतिविधियों का संचालन भारत स्काउट्स एवं गाइडस् के यूथ कोऑर्डिनेटर यशपाल हुड्डा की देखरेख में चला। डीएवी स्कूल जींद के छात्र त्रियांक ने सारे कैंप की वीडियो कवरेज को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का काम किया। पिछले 20 वर्षों से बच्चे देश के दूरदराज पर्वतीय क्षेत्रों में भारत स्काउट और गाइड के कैंप लगाए जा रहे हैं। जिससे बच्चों को प्रशिक्षण तो मिलता ही है इसके साथ नए-नए स्थान देखने का सस्ती दरों पर प्रबंध हो जाता है। कलीराम डीएवी पब्लिक स्कूल सफीदों की प्राचार्या रश्मि विद्यार्थी ने कहा कि इस कड़े प्रशिक्षण के कारण ही डीएवी के छात्र भारत स्काउट एवं गाइड में बड़ी संख्या में राष्ट्रपति पदक प्राप्त करते हैं जिसके आधार पर उन्हें नौकरियों में और दाखिले में रिजर्वेशन मिलता है। यह कैंप प्रकृति की गोद में बंबू से बने मकानों में गोवा की प्रसिद्ध नदी मांडवी के तट पर छह दिन के लिए आयोजित किया गया जो अपने आप में एक जबरदस्त एडवेंचर था। कैंप में सुजाता शर्मा, अनिल शर्मा, कृष्ण कुमार, संतोष देवी, सुषमा पाहवा, यशपाल, सुरेंद्र आदि मौजदू रहे।