उचाना। पुलिस थाना उचाना में शनिवार को पुलिस-पब्लिक मीटिंग का आयोजन किया गया। डीएसपी अमित भाटिया मुख्य रूप से पहुंचे। डीएसपी अमित भाटिया ने कहा कि सभी के सहयोग से हम क्षेत्र में अमन चैन स्थापित कर सकते हैं। अपने गांव के खुद पहरेदार बन कर किसी तरह की भी सूचना हो तो तुरंत पुलिस को दे। गांव में कोई नशा बेचता हो, कोई आपराधिक प्रवृत्ति व्यक्ति गांव में घूमता हो, गांव में जो माहौल खराब करता हो, शराब पीकर घरेलू कलह करता हो उसको लेकर तुरंत प्रभाव से पुलिस को जानकारी दे।
जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। जो नशा करता हो उसके बारे में बताए ताकि उसे नशे की लत से उसे दूर लेकर जाया जाए। इसको लेकर अभियान भी पुलिस द्वारा शुरू किया है। उन्होंने कहा हर गांव के रजिस्ट्रर लगाए गए है। गांव के गणमान्य लोगों के साथ-साथ जो गांव का माहौल खराब करते है, आपराधिक प्रवृत्ति के हैं उनके नाम इस रजिस्ट्रर में दर्ज हैं। किसी सूरत में गांव की शांति को भंग नहीं होने दिया जाएगा। हर कोई अपने गांव को अपराध, नशा मुक्त बनाने में पुलिस का पूर्ण सहयोग करें।
उचाना थाना प्रभारी बलवान बूरा ने कहा कि एडीजीपी श्रीकांत जाधव, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के दिशा-निर्देश में नशा मुक्ति अभियान शुरू किया हुआ है। नशे को अपने बच्चों को बचाने के लिए सभी को जागरूक किया जा रहा है। ग्राम स्तर पर सेमिनार आयोजित किए जा रहे है। पंजाब में नशे की लत बढ़ रही है। युवाओं को नशे से दूर रहने के साथ-साथ जो नशे के आदि हैं उनका नशा छुड़वाने के लिए पुलिस पूरी सहायता कर रही है। इस अवसर पर पर चौकी इंचार्ज प्रेम कुमार, एसए कर्मबीर सिंह, समाज सेवी ओमप्रकाश भौंगरा, ओमप्रकाश थुआ, मंडी प्रधान सत्यवान पेगां, मार्केट कमेटी पूर्व वाइस चेयरमैन सुरेंद्र गर्ग, पांचाल समाज पूर्व प्रधान गंगादत्त पांचाल, जस्सा नगूरां मौजूद रहे।