02जेएनडी17 : अपने-अपने चैंबरों में बैठक करके चुनाव की तैयारियां करते वकील। संवाद
जींद। इस बार बार एसाेसिएशन के चुनाव को लेकर बार काउंसिल ऑफ पंजाब एवं हरियाणा ने कुछ अलग ही नियम बनाए हैं। 15 दिसंबर को जिला बार एसोसिएशन के चुनाव होंगे, इसके लिए चुनाव लड़ने वाले वकील अभी से तैयारियों में जुट गए हैं। हालांकि चार व पांच दिसंबर को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे, लेकिन उससे पहले ही अपने-अपने पैनल के लोग उम्मीदवार ढूंढने लग गए हैं। इस बार न्यायिक परिसर में कहीं भी चुनाव प्रचार सामग्री चस्पा करने की अनुमति नहीं है।
बार एसोसिएशन में प्रधान, उपप्रधान, सचिव तथा सह-सचिव के लिए चुनाव होने हैं। सभी वकील अपने-अपने पैनल बनाने में जुट गए हैं। बार काउंसिल ऑफ पंजाब एवं हरियाणा ने इस बार वकीलों के घर जाकर अपने लिए वोट मांगने पर पाबंदी लगा दी है। इसके अलावा न्यायिक परिसर में कहीं भी चुनाव सामग्री चस्पा करने भी बैन रहेगा। यदि कोई भी उम्मीदवार इन नियमों का पालन नहीं करेगा तो उसका नामांकन रद किया जा सकता है। बार एसोसिएशन में उम्मीदवार के नाम पर वोट डाले जाते हैं। जींद बार एसोसिएशन में 1155 सदस्य हैं। चार पदों के लिए सभी वोटर अपने मतदान का प्रयोग करेंगे। न्यायिक परिसर में जो वकीलों के बैठने के लिए चैंबर बनाए गए हैं, उनमें अब वकील हाथ जोड़कर अपने लिए वोट मांगते नजर आएंगे।
अपने व्यवहार से मिलेगा समर्थन
बार एसोसिएशन के प्रधान देवेंद्र लोहान ने कहा कि बार एसोसिएशन चुनाव में इस बार कोई भी चुनाव प्रचार सामग्री पर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं होगा। वकीलों के चैंबर में जाकर ही समर्थन की अपील कर सकेंगे। जिन वकीलों का व्यवहार व आपसी भाईचारा ज्यादा होगा, वह पैनल इस बार मैदान मार जाएगा।