06जेएनडी24 : आपस में हंसते हुए चुनाव के बारे में चर्चा करते युवा वकील। संवाद
जींद। बार एसोसिएशन के 15 दिसंबर को होने वाले चुनाव में अब आमने-सामने की टक्कर होगी। प्रधान पद के लिए दो, उपप्रधान के लिए दो तथा सह-सचिव के लिए भी दो उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे। इसके अलावा सचिव के लिए तीन लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन पत्र वापस नहीं लिया। इसलिए अब मुकाबला आमने-सामने का होगा।
जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को बुधवार को नामांकन पत्र वापस लेने का अंतिम दिन था। किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन पत्र वापस नहीं लिया। प्रधान पद के लिए विकास लोहान तथा राकेश मलिक, उपप्रधान के लिए आशीष देशवाल तथा संदीप चौहान, सचिव के लिए देशराज सरोहा, पूनम रंगा तथा विनोद श्योकंद तथा सह-सचिव के लिए दीपक सैनी तथा विजय नेहरा मैदान में हैं। इसलिए प्रधान, उपप्रधान तथा सह-सचिव के लिए दो-दो उम्मीदवार होने से आमने-सामने की टक्कर होगी। सभी उम्मीदवारों की सभी वकीलों में अच्छी पैठ है, इसलिए मुकाबला भी कांटे का रहेगा। वहीं सचिव पद के लिए तिकोना मुकाबला होगा। इनमें अकेली महिला एडवोकेट पूनम रंगा मैदान में हैं। इसलिए यहां पर अच्छा-खासा मुकाबला देखने को मिलेगा। 15 दिसंबर को चुनाव होगा। सभी 1155 वकील अपने-अपने मत का प्रयोग करके प्रधान, उपप्रधान, सचिव तथा सह-सचिव का चुनाव करेंगे।
अंतिम सूचना जारी होते ही शुरु हुआ समर्थन मांगने का सिलसिला
तीन बजे अंतिम सूची जारी कर दी गई है। इसमें 9 उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी ने अपने-अपने नजदीकी लोगों से समर्थन मांगने का सिलसिला शुरू कर दिया है। दोपहर बाद बार एसोसिएशन में एक उम्मीदवार द्वारा चाय पार्टी का कार्यक्रम भी रखा गया है।
चुनाव भाईचारे तथा आपसी प्रेम के साथ लड़ा जाएगा। सभी उम्मीदवार अपने लिए समर्थन मांग रहे हैं। किसी का किसी से कोई विरोध नहीं है। यह केवल एक चुनावी प्रक्रिया है, जो संविधान के अनुसार पूरी की जाएगी। आपस में हंसते-बोलते ही चुनाव लड़ा जाएगा।
वीरेंद्र सिंह लाठर, चुनाव अधिकारी।