24 जुलाना 02: लजवाना कलां गांव में जागरूकता रैली निकालते स्वास्थ्य विभाग की टीम। स्रोत: प्रशासन
जुलाना। क्षेत्र के लजवाना कलां गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व स्वास्थ्य निरीक्षक बिजेंद्र कुमार व बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता योगेंद्र ने किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को डेंगू और मलेरिया से बचाव की जानकारी दी। स्वास्थ्य निरीक्षक बिजेंद्र कुमार ने कहा कि डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है। घरों के आसपास पानी जमा ना होने दें। ग्रामीणों को सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाएं ताकि घरों में कूलर, टंकी, गमले, फ्रिज को अच्छी तरह साफ करें। बिजेंद्र कुमार ने कहा कि अगर बुखार हो या चक्कर आने पर तुरंत चिकित्सक के पास जाएं और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर रक्त की जांच करवाएं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्कूली छात्रों के साथ जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर मंजू एएनएम, शकुंतला महिला स्वास्थ्य निरीक्षक आदि मौजूद रहे।