जींद। जेल में बंद एक बंदी ने फोन पर अपनी मां को जेल प्रशासन की ओर से परेशान करने और पैसे मांगने के आरोप लगाए हैं। बंदी ने कहा कि जेल के अंदर पुलिस कर्मचारी जेल अधीक्षक के नाम पर उससे डेढ़ लाख रुपये मांग रहे हैं। पैसे नहीं देने पर उसे परेशान किया जा रहा है। परिजनों ने इसकी शिकायत डीसी तथा जेल मंत्री से की है। जेल प्रशासन ने सभी आरोपों को सिरे से नकारते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
गांव बीबीपुर निवासी कमलेश ने कहा कि 2020 में हुई स्कूल संचालक की हत्या के आरोप में उसका बेटा सौरभ जेल में बंद है। वह नौ अप्रैल को उसके बेटे से मिलने के लिए गए थे। उन्होंने अपने बेटे को नए चप्पल और कपड़े भेजे थे। अगले दिन उनके बेटे का जेल से फोन आया कि पुलिस कर्मचारियों ने उसके नए चप्पल और कपड़े फाड़ दिए हैं। यह सब कुछ तलाशी के नाम पर किया गया। उसे बार-बार परेशान किया जा रहा है। जेल के कर्मचारी रामनिवास और राजेंद्र उससे डेढ़ लाख रुपये मांग रहे हैं। जब उसने जेल अधीक्षक को शिकायत करने की बात कही तो उन्होंने कहा कि जेल अधीक्षक भी इसमें शामिल हैं। यदि उसे जेल में ऐसे ही परेशान किया जाता रहा तो वह आत्महत्या करने पर मजबूर हो जाएगा। इसकी अब ऑडियो भी वायरल हो रही है। सौरभ जेल से अपनी मां को फोन करके जज के सामने यह पूरा मामला रखने की बात कहता है।
जेल में ऐसा कुछ नहीं हुआ है। सौरभ व उसके परिजन जो आरोप लगा रहे हैं, वह बेबुनियाद हैं। फिर भी मामले की जांच करवाई जा रही है। इसके लिए जेल उपाधीक्षक संदीप डांगी जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि आरोप सही पाए गए तो कार्रवाई की जाएगी।
-संजीव बुधवार, जेल अधीक्षक