जींद। गतौली गांव में गली से गुजर रहे युवक पर कार चढ़ाने का प्रयास करने, घर में घुसकर मारपीट करने व तोड़फोड़ करने के आरोपी को जुलाना थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गतौली निवासी अक्षय के रूप में हुई है।
पुलिस को 12 सितंबर को दी शिकायत में गतौली निवासी रमेश ने बताया कि उनका बेटा सोनू गली से गुजर रहा था। इस दौरान पीछे से आई एक कार ने उसको टक्कर मारने का प्रयास किया, लेकिन वह बच गया। इसके बाद वह भागकर घर पर आ गया। इस दौरान कार मे सवार पांच युवक उनके घर में घुस गए और बेटे सोनू, भतीजे पवन व उनके 70 वर्षीय भाई उमेद पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके अगले दिन जब वह खेत में गए, तो पाया कि आरोपियों ने ट्यूबवेल के सामान की भी तोड़फोड़ की थी। उसने आरोप लगाया कि हमलावरों में दीपक, अजय, जयबीर व दो अन्य थे। आरोपियों ने रात को ही उनके घर व खेत में आतंक मचाया। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच अधिकारी एएसआई विजय सिंह ने बताया कि गतौली निवासी अक्षय को गिरफ्तार कर लिया है। उससे अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।