जींद। दौड़ लगा रहीं युवतियों से अश्लील हरकत करने का विरोध करने पर बाइक सवार युवकों ने दो युवकों पर हमला कर दिया। उचाना थाना पुलिस ने एक युवक को नामजद कर सात-आठ अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नौ सितंबर की शाम को वह अपने दोस्त के साथ घूमने के लिए गया हुआ था। इस दौरान गांव की लड़कियां दौड़ लगा रही थीं। उसी समय कुछ युवक आए और युवतियों के साथ अश्लील हरकत करने लगे। उन्होंने विरोध किया तो आरोपी चले गए। दूसरे दिन जब वे फिर घूमने पहुंचे तो चार बाइक पर गांव मटौर निवासी रिंकू तथा सात-आठ अन्य युवक आए और उन पर हमला कर दिया। हमले में उसे व उसके दोस्त शुभम को काफी चोट आई है। ग्रामीणों को आता देखकर आरोपी फरार हो गए। उचाना थाना पुलिस ने रिंकू को नामजद कर सात-आठ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।