संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। नरवाना की चमेला काॅलोनी में नशीले पदार्थो की सूचना पर गई पुलिस टीम पर कालोनी के लोगों ने ईंट व पत्थरों से हमला कर दिया। इसमें पुलिस के तीन जवानों को चोटें आई है। हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी को भी तोड़ दिया। इस मामले में शहर थाना नरवाना पुलिस ने एक युवक को नामजद करके पांच अन्य के खिलाफ तोड़फोड़ करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना के पुलिसकर्मी सरबिंद्र सिंह ने शहर थाना नरवाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार को वह, होमगार्ड सुरेंद्र, प्रवीन व गाड़ी चालक एसपीओ राजेश कुमार के साथ चमेला कालोनी की तरफ गश्त पर गए थे। जब वह हिसार रोड रेलवे फाटक पर पहुंचे तो इसी दौरान चमेला कालोनी से पांच-छह युवक हाथों में ईंट व पत्थर लेकर आ गए। युवकों ने ईंट और पत्थरों से उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया। इसमें होमगार्ड सुरेंद्र, प्रवीन व एसपीओ राजेश कुमार को ईंट लगी और उनको भी चोट भी आई है। इस दौरान पथराव में गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर जब शहर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो वह युवक वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने आरोप लगाया कि हमला करने वाले युवकों में एक युवक चमेला कालोनी निवासी दीपक उर्फ दीपड़ है, जबकि पांच अन्य हैं। शहर थाना पुलिस ने चमेला कालोनी निवासी दीपक उर्फ दीपड़ को नामजद करके पांच अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।