यूपीएससी में 99वीं रैंक प्राप्त करने वाले अंकित नैन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के जींद जिले के जुलाना क्षेत्र के गांव खरैंटी के किसान के बेटे अंकित नैन ने यूपीएससी में 99वीं रैंक हासिल की। इस पर उसके गांव खरैंटी में खुशी का माहौल बना हुआ है। अंकित के भाई राहुल ने बताया कि अंकित शुरू से ही पढ़ाई में होशियार रहे हैं। पिता बीमार रहते हैं, इसलिए जिम्मेदारी निभाते हुए नौकरी ज्वाइन की और फिर छुट्टी लेकर यूपीएससी की तैयारी की।
10वीं की परीक्षा जुलाना के ही स्कूल से की थी और 11वीं और 12वीं कक्षा की पढ़ाई हिसार के स्कूल से की थी। छह माह पहले ही अंकित का चयन उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में म्यूनिसिपल सहायक कमिश्नर के पद पर हुआ था। इसके बाद अंकित ने छुट्टी लेकर यूपीएससी की तैयारी की थी।
अंकित नैन ने पहले भी यूपीएससी पास की थी, लेकिन उसकी अच्छी रैंक नहीं आई थी। दोबारा से यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी। राहुल ने बताया कि अंकित का सपना जिला उपायुक्त बनने का था और शुरू से ही वह अपना सपना संजोते हुए यूपीएससी की तैयारी कर रहा था, ताकि उसे लोगों की सेवा करने का मौका मिल सके, लेकिन अब उसे सफलता मिली है।
पिता रहते हैं बीमार, जिम्मेदारी निभा नौकरी ज्वाइन की, अब छुट्टी लेकर की तैयारी
अंकित नैन ने 99वीं रैंक प्राप्त करके एक बार फिर जिले के साथ अपने गांव का नाम रोशन किया है। अंकित के भाई राहुल ने बताया कि उनके पिता खेतीबाड़ी करते हैं, लेकिन उनके बीमार होने के कारण मैंने कभी भी अंकित को किसी चीज की कमी नहीं खलने दी। उन्होंने बताया कि जब उन्हें अंकित के यूपीएससी में 99वीं रैंक प्राप्त करने का पता चला तो उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं हैं।