फोटो 8 नरवाना। गंदे पानी की समस्या को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीण। स्रोत ग्रामीण।
नरवाना। गांव बड़नपुर में पिछले करीब आठ माह से गंदे पानी की निकासी की समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों ने सोमवार को चौथी बार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और सरकार के संज्ञान में मामला होने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। धरने को संबोधित करते हुए पूर्व सरपंच डॉ. जोगिंद्र श्योकंद ने कहा कि गांव में जगह-जगह गंदा पानी जमा है। स्कूलों में जाने वाले हजारों विद्यार्थियों, अध्यापकों और कर्मचारियों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। शिव मंदिर जाने वाली महिलाओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। नायक कॉलोनी में जलभराव के कारण डेंगू, मलेरिया, पीलिया, उल्टी-दस्त और मौसमी बुखार जैसी बीमारियां बढ़ने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि एडीसी जींद प्रदीप कुमार गांव का चार-पांच बार दौरा कर चुके हैं और कई बार अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए, लेकिन समाधान नहीं हुआ। ग्रामीण रामनिवास ने बताया कि बीडीपीओ उचाना ने दो दिन का समय मांगा था, लेकिन ग्रामीणों ने एक सप्ताह का समय दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में समाधान नहीं हुआ तो स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ स्कूलों को ताला लगाकर आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद बद्दोवाल टोल पर धरना देकर किसान और मजदूर संगठनों को भी आंदोलन में शामिल किया जाएगा।