जींद। सेक्टर 7, 8 व नौ की तरफ जाने वाली मुख्य सड़क की खस्ताहालत के विरोध में रविवार को दालमवाला अस्पताल के पास सड़क के बीच में टेंट लगाकर सामाजिक संस्थाओं ने धरना दिया। संस्थाओं ने इसके अलावा शहर के अन्य सड़क मार्गों को भी ठीक करवाने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि आज पूरे शहर की सड़कों की हालत बहुत खराब हो चुकी है। बरसाती पानी सड़कों पर भरने के कारण यहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने शहर की सड़कों की हालत सुधारने की मांग की। धरने पर ही हुडा के संपदा अधिकारी प्रवीण कुमार ने पहुंचकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान अमन सिवाच, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान, जींद सुधार टीम के सुनील वशिष्ठ ने कहा कि सेक्टर सात, आठ व नौ की तरफ जाने वाला मुख्य मार्ग बिल्कुल बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुका है। दो साल से सेक्टरवासी परेशान हो चुके हैं। इसके लिए डीसी से लेकर संपदा अधिकारी तक ज्ञापन दिए जा चुके हैं लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके अलावा विभिन्न संगठनों के लोगों ने शहर के भिवानी रोड, रोहतक रोड, हांसी रोड, रानी तालाब के पास, अमरहेड़ी रोड की खस्ता हालत पर भी विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि सड़कों के साथ-साथ पूरे शहर में सीवरेज व्यवस्था भी बदहाल है। डीसी भी कह चुके हैं कि समाधान के लिए पूरे शहर को खोदना पड़ेगा। इस मौके पर सतबीर बांगड़, दिनेश बूरा, विजेंद्र लाठर, रमेश सैनी, ईश्वर बंसल, राधाकिशन बिंदल, आईडी गोयल, पवन गर्ग, सुरेश छात्तर, बीएस गर्ग, राममेहर गोयल, रामभज गोयल, मुनीष सिंगला, अमित कुमार, पार्षद सतपाल कुंडू, नरेश सैनी, हरफूल सैनी, प्रदीप सिंगरोहा, विजेंद्र रेढू, राजू लखीना भी मौजूद रहे।
‘डीसी और जनप्रतिनिध सही नियत व नीति से करें काम’
बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान राजकुमार रेढू ने कहा कि शहर के हालात तभी सुधर सकते हैं, जबकि डीसी व अन्य जनप्रतिनिधि सही नियत व नीति से काम करेंगे। इस समय शहर के जो हालात हैं, वह किसी से छिपे नहीं हैं। शहर में आज कहीं से भी निकलने के लिए सही सड़क मार्ग नहीं है। विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च हो गए लेकिन कहीं विकास नहीं दिखाई देता। आज कोई भी बाहरी व्यक्ति जींद की हालत को देखकर कह सकता है कि यह जींद को आजादी के समय का ही है, इसमें कोई परिवर्तन नहीं हुआ, बल्कि हालत और ज्यादा खराब हुई है।
अधिकारी बोले-88 लाख रुपये मंजूर, जल्द छोड़े जाएंगे टेंडर
धरनास्थल पहुंचे हुडा के संपदा अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि इस सड़क निर्माण के लिए 88 लाख रुपये का बजट मंजूर हो चुका है। जल्द ही इसकी टेंडर प्रक्रिया के बाद निर्माण कार्य शुरु करवाया जाएगा। इसके अलावा तीन करोड़ रुपये आउटर रिंग रोड पर खर्च होंगे। सड़कों पर कहीं भी गड्ढे नजर नहीं आएंगे और सीवरेज व्यवस्था भी दुरुस्त की जाएगी।