जींद। बच्चों, किशोरियों और गर्भवती को एनीमिया मुक्त करने के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने 100 दिन का रूट मैप तैयार किया है। इसमें सात लाख बच्चों, किशोरियों और महिलाओं की जांच होगी। यदि उनमें खून की कमी मिली तो उनको मौके पर ही दवाइयां दी जाएंगी। शुक्रवार को डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने स्वास्थ्य अधिकारियों, बाल विकास विभाग तथा अन्य अधिकारियों की बैठक लेकर 100 दिन का रूट मैप तैयार करने तथा अधिक से अधिक लोगों की जांच करने के निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि जिले के सभी सरकारी तथा गैर सरकारी स्कूलों में योजनाबद्ध कार्य करके बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की जाए। जिन बच्चों में खून की कमी मिले उनको मौके पर ही दवा दी जाए। उनको खानपान के लिए जागरूक किया जाए। गर्भवती और किशोरियों के स्वास्थ्य की भी जांच की जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग व जिला प्रशासन का विशेष सहयोग रहेगा। अभियान में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को शामिल किया जाए। बैठक के दौरान नगरायुक्त वीरेंद्र सहरावत, एसडीएम मनीष फोगाट, अनिल कुमार दून, अजय कुमार, एसएमओ डॉ. वरुण, डॉ. मोहित, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी सुमित्रा देवी, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुलोचना कुंडू भी मौजूद रहीं।
तीन श्रेणियों में बांटे जाएं मरीज
डीसी ने कहा कि जिन लोगों में खून की कमी मिले उनको तीन श्रेणी में बांटकर दवा दी जाए। हलके व मध्यम श्रेणी के विद्यार्थियों को विद्यालय में ही दवा दी जाय, जबकि गंभीर श्रेणी वाले विद्यार्थियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भेजा जाए। दवा देने के दो सप्ताह के बाद विद्यार्थियों का दोबारा रक्त जांचा जाए।
स्लम बस्तियों में लगाएं शिविर
उपायुक्त ने कहा कि स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ स्लम बस्तियों में भी स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएं। इन शिविरों में महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की जाए। इसी प्रकार से ईंट-भट्ठों व औद्योगिक क्षेत्र में जांच शिविर लगाने जरूरी हैं।
एनीमिया के साथ अन्य बीमारी भी फैलने का डर
एनीमिया मुक्त भारत अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. नवनीत सिंह ने बताया कि जब शरीर के रक्त में लाल कणों या कोशिकाओं के नष्ट होने की दर उनके निर्माण की दर से अधिक होती है तो अन्य बीमारियों के भी होने का डर अधिक रहता है।
07जेएनडी17 : एनीमिया मुक्त अभियान को लेकर अधिकारियों की बैठक लेते डीसी मोहम्मद इमरान रजा। संव