21जेएनडी32-निर्माण करते हुए मिस्त्री व मजदूर। संवाद
सफीदों। शहर के बीचोंबीच से गुजर रही हांसी ब्रांच नहर के दोनों तरफ करीब 6.50 करोड़ रुपये की लागत से बन रही दोनों पटरियों में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। इस संबंध में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। नहर की दोनों पटरियों के निर्माण में घटिया क्वालिटी की ईंटें और मसाले में रेत लगाने को लेकर लोगों में रोष है। इसको लेकर लोगों ने निमार्ण कार्य की जांच की मांग की है। पटरी निर्माण कार्य को देखने के लिए नगर पालिका के संबंधित अधिकारी मौके का निरीक्षण तो कर चुके हैं, लेकिन टेंडर एजेंसी के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया है।
शहर के लोगों का आरोप है कि निर्माण में घटिया क्वालिटी की ईंटों व कम सीमेंट का प्रयोग हो रहा है। इसके लिए कोई नींव नहीं खोदी गई है और सही से बेड भी नहीं बिछाया गया है। शहर वासियों की मांग है कि निर्माण कार्य को अच्छे से करवाया जाए, क्योंकि नहर की दूसरी तरफ डीच ड्रेन लगती है। ऐसे में यदि ऐसी ईंटों से इनकी बाउंड्री बनवाई जा रही है तो वह टूट जाएगी। लोगों का कहना है कि सफीदों में विकास को लेकर पहले भी 37 करोड़ रुपये की ग्रांटें आईं, लेकिन कोई भी निर्माण कार्य सही से नहीं हुआ। उस मामले की भी जांच अत्यंत धीमी गति से जारी है। लोगों ने सरकार व प्रशासन से मांग की कि इस अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना की गहराई से जांच करवाई जाए। बता दे कि सफीदों के बाईपास-रामपुरा नहर पुल से लेकर पानीपत रोड नहर पुल तक दोनों पटरियों को पक्का करने का काम नगर पालिका करवा रही है, जिसके लिए 6.50 करोड़ रुपये की ग्रांट आई है। नगर पालिका सचिव रविंद्र कुमार का कहना है कि निर्माण कार्य की जांच करवाई जाएगी। यदि नियमों के तहत नहीं पाया गया तो टेंडरिंग एजेंसी को नोटिस जारी करके कार्रवाई की जाएगी।
21जेएनडी32-निर्माण करते हुए मिस्त्री व मजदूर। संवाद