फोटो 22एसएफडीएम2मिनी सचिवालय में ज्ञापन देने आए अग्रवाल समाज के लोग। संवाद
सफीदों। शहर के प्रमुख स्थल महाराजा अग्रसेन चौक के सामने स्थित गोल चक्कर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा लगाने के मामले को लेकर अग्रवाल समाज ने नाराजगी जताई। अग्रवाल समाज के लोग पहले महाराजा अग्रसेन चौक पर एकत्रित हुए जहां उन्होंने शांतिपूर्वक विरोध प्रकट करके अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। इसके बाद समाज के प्रतिनिधियों ने एसडीएम पुलकित मल्होत्रा की अनुपस्थिति में तहसीलदार राजेश गर्ग को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। ज्ञापन में समाज ने कहा कि पुराने बस स्टैंड स्थित महाराजा अग्रसेन चौक सफीदों का एक ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। यह चौक वर्षों से अग्रवाल समाज की आस्था, सम्मान और पहचान का केंद्र बना हुआ है। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस प्रकार की मूर्ति स्थापना की जाती है, तो इससे अग्रवाल समाज की धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत होंगी।