जींद। रिटौली गांव में 15 दिन पहले हुई 28 वर्षीय राकेश की हत्या के मामले में पुलिस ने 15 दिन बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब पुलिस ने मां बेटे समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। हत्या के समय पुलिस ने मेडिकल बोर्ड द्वारा करवाए गए शव के पोस्टमार्टम की बिसरा रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। अब पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही विक्रम, महिला चंद्र, बहादुरगढ़ निवासी चीनू, पानीपत के उरलाना निवासी रवि के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
रिटौली गांव निवासी पवन ने बताया था कि उसकी मौसी के लड़के राकेश को 25 जून को उसके ही गांव के विक्रम ने फोन कर बुलाया था। इसके बाद वहां पर उसके अन्य साथी बहादुरगढ़ निवासी चीनू व पानीपत के उरलाना निवासी रवि भी मौजूद थे। इस दौरान आरोपियों ने राकेश के साथ मारपीट की। रात को लगभग साढ़े 11 बजे उनको पड़ोस में ही विक्रम के घर पर लड़ाई झगड़े की आवाज सुनाई दी। जब वह उठकर विक्रम के घर गए तो राकेश पर विक्रम, चंद्र, चीनू व रवि लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से वार कर रहे थे। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। इस दौरान राकेश को वह घायल अवस्था में नागरिक अस्पताल जींद लेकर गए थे। जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया था।
रिटौली गांव में युवक की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने हत्या के आरोप लगाए थे। इसमें पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे। इसके अलावा विसरा की रिपोर्ट को जांच के लिए भेजा रखा है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर चार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-दीवान सिंह थाना प्रभारी पिल्लूखेड़ा