रोहतक। पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने बुधवार को अपराध की मासिक समीक्षा बैठक में कहा कि नशे का कारोबार करने वाले तस्करों की संपत्ति कुर्क की कार्रवाई की जाए। जो युवा नशे की लत का शिकार हो रहे हैं, उनकी काउंसिलिंग कराकर जागरूक किया जाए। वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। महिलाओं और गंभीर अपराध प्रकरणों में जांच को गंभीरता से लेकर निपटाया जाए और किसी भी वादी को परेशान किया जाए।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग नशे के कारोबार में लिप्त हैं। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी है। संबंधित अदालत से उक्त प्रकरणों में आदेश प्राप्त करके कार्रवाई कराई जाए। जिले में कुछ गिरोह युवाओं को विदेश भेजने के नाम पर ठग रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ इमीग्रेशन फ्रॉड के मामले की गहनता से जांच करें। जिससे आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो सके। त्योहार का समय है। जो लोग आवारागर्दी करते मिलें उनसे सख्ती से निपटा जाए। थाने पर आने वाली शिकायतों को सीसीटीएनएस पोर्टल पर अपलोड करें। शिकायतकर्ता को रसीद जरूर दें। जघन्य अपराध, महिला विरुद्ध अपराध, डकैती, लूट आदि के प्रकरणों को गंभीरता से लें। पैरोल, शस्त्र लाइसेंस व अन्य सभी सत्यापन पर तय समय सीमा में निपटारा करें। मादक पदार्थ व अवैध हथियार रखने वाले व बेचने वाले अपराधियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रवि खुंडिया, उप पुलिस अधीक्षक महम संदीप, उप पुलिस अधीक्षक शहर विरेंद्र, उप पुलिस अधीक्षक सांपला रजनीश, सभी थाना प्रभारी और प्रभारी सीआईए स्टाफ व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध को गंभीरता से लें
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध को जांच अधिकारी गंभीरता से लें। पीड़िताओं की काउंसिलिंग कराते हुए कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए। पीड़ित महिलाओं से लगातार संपर्क बनाए रखें। समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट के बारे में भी उनको अवगत कराया जाए। लडाई-झगड़े व मारपीट के मामलों में मुकदमा दर्ज होने के सात दिन में जांच पूरी की जाए। कोई भी मामला 30 दिन से अधिक लंबित न हो।
पुलिस गश्त बढ़ाएं
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना और चौकी प्रभारी को निर्देश दिए कि अपराध की रोकथाम के लिए दिन-रात गश्त करें। इसका समय बढ़ाए और सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर हुड़दंग करने से सख्ती से निपटा जाए। आवारागर्दी करने वाले युवकों की पहचान कठोर कार्रवाई की जाए। सर्वाजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई की जाए।
16सीटीके26..पुलिस अधिकारी के साथ बैठक करते एसपी हिमांशु गर्ग। संवाद