फोटो 24जेएनडी13-पिल्लूखेड़ा क्षेत्र में हिसार पड़ाव को लेकर बैठक करते हुए पदाधिकारी। स्रोत कर्
जींद। भवन निर्माण कामगारों का गलत जांच के आधार पर पंजीकरण रद्द किए जाने के विरोध में निर्माण मजदूरों ने सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का एलान किया है। भवन निर्माण कामगार यूनियन हरियाणा के महासचिव सुखबीर सिंह ने पिल्लूखेड़ा ब्लॉक के गांवों में बैठक कर यह घोषणा की। इस दौरान जिला सचिव संदीप जाजवान और भवन निर्माण कामगार संघ इंटक के राज्य महासचिव कृष्ण नैन भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि निर्माण मजदूरों की समस्याओं को लेकर 27 सितंबर से एक अक्तूबर तक हिसार में मंत्री के कैंप कार्यालय पर पड़ाव डाला जाएगा। उन्होंने सरकार से मजदूरों का पोर्टल सुचारू रूप से खोलने, वर्ष 2025 से लंबित लाभ जारी करने, पात्र मजदूरों के रद्द पंजीकरण बहाल करने और मनरेगा में रोजगार उपलब्ध करवाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अव्यवस्था और पोर्टल के ठीक से काम नहीं करने के कारण हजारों मजदूर कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पात्र मजदूरों के बाधित या रद्द पंजीकरण तत्काल बहाल किए जाए। इस दौरान पिल्लूखेड़ा ब्लॉक प्रधान मनोज कुमार, ब्लॉक सचिव राजेश, कैशियर राजेंद्र, दलबीर, कृष्ण, सुषमा, नीलम, नरेश और सुल्तान मौजूद रहे।