जींद। ईगराह निवासी अनीष की गोली मारकर हत्या के 21 दिन बाद भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इसके विरोध में मृतक के परिजन ग्रामीणों को साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और वहां पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
इसकी जानकारी होने पर डीएसपी रवि खुंडिया पहुंचे और मृतक के परिजनों को आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। पुलिस को दिए ज्ञापन में ईगराह निवासी कृष्ण ने बताया कि उसके भतीजे की दो जून को पुराने बस अड्डे पर दो युवकों ने गोली मारकर हत्या की थी। हत्याकांड में श्रीराग खेड़ा निवासी संदीप, अंकित बीबीपुर का नाम सामने आया था। परिजनों की शिकायत पर इनके खिलाफ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। उसी समय से दोनों आरोपी फरार हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों के फरार होने से उनको दोबारा से वारदात का डर बना हुआ है, क्योंकि वे हत्याकांड के गवाह हैं। इसके अलावा उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनके परिवार की सुरक्षा के लिए हथियार का लाइसेंस बनाया जाए, ताकि वह अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा कर सकें। उन्होंने कहा कि अगर शीघ्र ही फरार चल रहे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसके बाद परिजनों ने दोनों आरोपियों के अभिभावकों की गिरफ्तारी की मांग की। इस पर डीएसपी रवि खुंडिया ने मृतक के परिजनों को गिरफ्तारी करने का आश्वासन देकर भेजा।