जींद। कैथल रोड स्थित कंडेला गांव के पास एक ढाबा संचालक के पास से 412 ग्राम चरस बरामद किया गया था। मंगलवार को एचएसएनसीबी यूनिट ने आरोपी कंडेला गांव निवासी सुनील कुमार को अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वह चरस जींद की बुढ़ा बाबा बस्ती निवासी सुनील नामक व्यक्ति से लेकर आया था।
एचएसएनसीबी यूनिट के सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार को सोमवार देर शाम सूचना मिली थी कि कंडेला निवासी सुनील कुमार ने कैथल रोड पर अपने खेत में ढाबा किया हुआ है और वह ढाबे पर नशीला पदार्थ चरस तथा चुरा पोस्त बेचता है। अगर छापा मारा जाए तो उसे नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया जा सकता है। सूचना मिलने पर एचएसएनसीबी यूनिट जींद की टीम कंडेला गांव के नजदीक ढाबे पर पहुंची तो एक युवक पुलिस की गाड़ी को देखकर खेतों की तरफ भागने लगा। कुछ दूरी पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम व पता कंडेला निवासी सुनील कुमार बताया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 412 ग्राम चरस बरामद हुआ। सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
वर्जन
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने बुधवार सुबह ही सुनील के घर बुढ़ा बाबा बस्ती में छापा मारा था।-एसआई महाबीर सिंह, एचएसएनसीबी यूनिट जींद।