सफीदों। शहर के रविदास मोहल्ला में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में घायल युवक की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि वार्ड नंबर-3 स्थित रविदास मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय आजाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार देर शाम वह घर से खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान मोहल्ले के ही रहने वाले सुरेंद्र ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। संवाद