जींद, रोहतक। डीएलसी सुपवा के नजदीक साढ़े पांच माह पहले साॅफ्टवेयर इंजीनियर सुमित मलिक से हिसार जिले के गांव ढंढुर निवासी सुरेश ने अपने साथी के साथ मिलकर कार छीनी थी। पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से छह दिन के रिमांड पर लिया गया है।
बस स्टैंड चौकी प्रभारी एसआई पंकज ने बताया कि जींद जिले के गांव निडाना निवासी सुमित मलिक ने 17 सितंबर 2023 को अर्बन एस्टेट थाने में शिकायत दी थी कि वह साॅफ्टवेयर इंजीनियर है। उसकी पत्नी अरुंधति भी नौकरी करती है। दोनों सेक्टर चार के एक्सटेंशन में किराये पर रहते हैं ताकि समय पर गुरुग्राम ड्यूटी पर जा सकें। 17 सितंबर की शाम डी पार्क स्थित मार्केट में खरीदारी करने आए थे। वापस जाते समय सुपवा के पास पहुंचे तो अहसास हुआ कि कार के टायर में पंक्चर हुआ है। उसने सड़क किनारे कार रोकी तो किसी टायर में पंक्चर नहीं मिला। तभी दो नकाबपोश युवक आए और पिस्तौल दिखाकर, बोले- शोर मचाने की जरूरत नहीं है। चुपचाप साइड हो जाओ। साथ ही दोनों के मोबाइल फोन व पर्स भी ले लिए। इसके बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए। अब पता चला कि हिसार पुलिस ने सुरेश निवासी ढंढुर को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में खुलासा किया है कि उसने रोहतक में कार भी छीनी थी।