23जेएनडी31-एसपी से मिलने आए व्यापार मंडल के सदस्य। संवाद
जींद। व्यापार मंडल जींद का पांच सदस्यीय शिष्टमंडल जिला प्रधान रिषभ जैन व नगर प्रधान अनिल अग्रवाल के नेतृत्व में वीरवार को एसपी सुमित कुमार से मिला। उन्होंने जिले में बढ़ रही कार में लिफ्ट देकर लूटपाट की घटनाओं एवं ठंड बढ़ने के साथ ही चोरी की घटनाओं में हो रही बढ़ोतरी पर अंकुश लगाने और अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की गई। शिष्टमंडल में सुनील वशिष्ठ, राजेश मक्कड़ और बलजीत रेढू भी शामिल रहे।
प्रधान अनिल अग्रवाल ने बताया कि दो दिन पहले पटियाला चौक से एक परिवार अपने बच्चे सहित एक शादी में जाने के लिए बस के इंतजार में खड़ा था। तभी कार आकर रुकी और उसमें बैठी महिला ने महिला को बातों में उलझा लिया और विश्वास में लेकर उन्हें गाड़ी में बैठा लिया। थोड़ी दूर जाते ही उस महिला ने चेन तोड़ ली, जिसका पता लगते ही पीड़ित परिवार ने शोर मचाना शुरू किया तो ड्राइवर ने पुरुष सवारी जो आगे बैठी थी, उसे धक्का देकर बाहर निकाल दिया और महिला को लेकर आगे भागने लगे ऐसे में महिला ने भी उसे नीचे उतारने का आग्रह किया और वो लुटेरे गाड़ी लेकर फरार हो गए। इस तरह की यह दूसरी घटना है। इसके अलावा अब ठंड का समय आ गया है और चोरी की वारदात भी बढ़ने लगी है। इसके चलते पुलिस गश्त को बढ़ाया जाए। एसपी सुमित कुमार ने आश्वासन दिया कि मामले में त्वरित की जाएगी और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। शहर में पुलिस गश्त को बढ़ाया जाएगा।