एम्बुलेंस में लाया गया कोरोना से मरने वाले 55 वर्षीय व्यक्ति का शव।
- फोटो : AMAR UJALA
गांव खरैंटी में मिले कोरोना पॉजिटिव 55 वर्षीय व्यक्ति की मंगलवार सुबह मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में कोरोना वायरस की वजह से मरने वालों का आंकड़ा चार हो गया है। इससे पहले तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। व्यक्ति कोरोना के अलावा दूसरी बीमारियों से भी जूझ रहा था। खरैंटी निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति 30 मई को दिल से संबंधित परेशानी के चलते रोहतक पीजीआई में दाखिल हुआ था। दो दिन दाखिल रहने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। घर आने के बाद व्यक्ति की बेटी को खांसी-बुखार की शिकायत हुई तो उसने कोरोना जांच के लिए अपना सैंपल दिया, जिसमें वह पॉजिटिव पाई गई। लड़की के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद मरने वाले उसके पिता, मां और दो भाइयों के भी कोरोना टेस्ट करवाए गए तो वे भी संक्रमित मिले। चारों को घर पर ही आइसोलेट किया गया था। सात जून से लगातार स्वास्थ्य विभाग की टीम उमकी देखभाल कर रही थी। 15 जून को 55 वर्षीय व्यक्ति को खांसी हुई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इलाज की कोशिश की, लेकिन मंगलवार सुबह तक उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट धर्मबीर खर्ब के अनुसार प्रशासन द्वारा शव का अंतिम संस्कार जुलाना के श्मशानघाट में किया गया। अंतिम संस्कार करते समय पूरी सावधानी बरती गई। अंतिम संस्कार करने वालों को पीपीई किट मुहैया करवाई गई थी। परिजनों को दूर रखा गया, हालांकि मृतक के दो बेटे पहुुंचे थे, जोकि दोनों कोरोना पॉजीटिव पाए गए थे।