जींद। जिले में वीरवार रात को आई आंधी से 98 पोल और 12 ट्रांसफार्मर गिर गए। इसके कारण शहर तथा ग्रामीण क्षेत्र में बिजली सप्लाई बाधित हो गई। वहीं बिजली निगम को भी काफी नुकसान हुआ। बिजली को सुचारु रूप से चलाने के लिए कर्मचारी शुक्रवार को पूरा दिन लगे रहे। हालांकि शहर के कुछ इलाके में तो शुक्रवार सुबह ही बिजली सप्लाई शुरू हो गई थी, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में बिजली सप्लाई दोपहर बाद चालू हो पाई।
पावर हाउस का केबल बॉक्स फटने से गुल रही बिजली : 33 केवी पावर हाउस पांडु-पिंडारा में वीरवार रात को केबल बॉक्स फट गया। इससे 33 केवी पावर हाउस की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। इसके कारण शहर की वीआईपी कॉलोनियों के अलावा कई गांव की बिजली सप्लाई ठप हो गई।
शहर के पॉश एरिया डीसी कॉलोनी में भी रातभर बिजली नहीं आई। अधिकारी बार-बार निगम कर्मचारियों को फोन करते रहे, लेकिन बिजली बहाल नहीं हो सकी। अधिकारी रातभर परेशान रहे। शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे बिजली आई और फिर चली गई।
इसके बाद आलाधिकारियों को दोपहर को ही सुचारु रूप से बिजली मुहैया हो पाई। बिजली उपभोक्ताओं ने निगम के शिकायत केंद्र पर भी शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन उन्हें हर बार 33 केवी पिंडारा पावर हाउस में काम चलने का आश्वासन दिया गया।
वीरवार को खरकरामजी, सुंदरपुर, बरहा खुर्द, बरहा कलां, जवाहर नगर, पाथरी, नागरिक अस्पताल, गोहाना रोड, डीसी कॉलोनी, अर्बन एस्टेट, डिफेंस कॉलोनी, विजय नगर, राम कॉलोनी, मांडो, पिंडारा, अशरफगढ़, रधाना गांव में बिजली सप्लाई शुरू हो पाई। निगम केंद्र में बिजली समस्या से संबंधित 200 से ज्यादा शिकायत दर्ज हुईं।