जींद। जुलाना के मालवी रोड पर लगभग डेढ़ साल पहले खेतों में पानी देने रहे किसान की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जुलाना निवासी कृष्ण ने 24 दिसंबर 2015 को जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका भाई अनूप नंबरदार गेहूं के खेत में पानी देने के लिए गया था। दोपहर को दो युवक बाइक पर सवार होकर उसके पास आए। युवक गेहूं के खेत में ही उसके पास बैठ गए। थोड़ी देर के बाद युवकों ने अपने पास मौजूद असलाह से उसके ऊपर गोली दाग दी। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी किसान मौके पर पहुंचे, लेकिन इस दौरान युवक बाइक पर सवार होकर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने कृष्ण की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच के दौरान हत्या के मामले में जुलाना के वार्ड 13 निवासी सोनू का नाम सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू को गिरफ्तार करकेेे पूछताछ शुरू कर दी।