कीटनाशक के स्प्रे से 5 एकड़ धान की फसल हुई खराब
अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। पोली गांव में कीटनाशक दवा के प्रभाव से एक किसान की पांच एकड़ फसल खराब हो गई। फसल खराब होने से किसान और उसका परिवार सदमे में है। इसकी शिकायत डीसी को दी गई और दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पोली निवासी किसान पालाराम का कहना है कि उसने फसल की पैदावार बढ़ाने के लिए गांव की खाद बीज की दुकान से ही कीटनाशक खरीदा था। उसने इस कीटनाशक का स्प्रे उसकी पांच एकड़ धान की फसल में किया तो धीरे-धीरे फसल सुखाने लगी और कुछ दिन बाद सारी फसल सूखकर घास बन गई। पालाराम ने डीसी को शिकायत दी है कि गांव में मौजूद बीज भंडार मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्याय दिया जाए। उसने 35 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से पांच एकड़ जमीन ठेके पर लेकर धान की फसल लगाई थी। फसल खराब होने से उसके परिवार को खाने के भी लाले पड़ गए हैं। एक ओर तो उसकी धान की फसल खराब हो गई और दूसरी ओर उसके पास बिजाई के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं। पालाराम का कहना है कि उसने अपने खेत में पैदावार बढ़ाने के लिए बुफरो किंग, एथोइन, हैक्सा प्लस, वेलडायन का स्प्रे किया था जोकि औसतन सभी किसान प्रयोग करते हैं, लेकिन इस स्प्रे से उसकी फसल खराब हो गई।