जींद। जिला जेल में पुलिस लाइन की तरफ से दो मोबाइल और चरस फेंकने का मामला सामने आया है। दो मोबाइल व 18 ग्राम चरस को काली टेप में लपेटकर फेंका गया। जेल प्रशासन ने मोबाइल व चरस को कब्जे में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। जेल उपाधीक्षक शिव कुमार ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार सुबह जेल वार्डन अपनी ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान पुलिस लाइन की तरफ से लगती दीवार के ऊपर से कुछ सामान फेंकने की आवाज सुनाई दी। जेल वार्डन ने जब जाकर देखा तो काली टेप में लपेटकर कुछ सामान फेंका हुआ था। जब उसको खोलकर देखा तो उसमें दो मोबाइल व 18 ग्राम चरस बरामद की। जेल प्रशासन ने तुरंत ही इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मोबाइल व चरस को कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मोबाइलों की आईएमईआई नंबरों से उनको खरीदने वाले व्यक्ति का पता लगाने में लगी हुई है।