राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन में सीआरएसयू ने मनवाया प्रतिभा का लोहा
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। वाई एमसीए विश्वविद्यालय फरीदाबाद और विश्व संवाद केंद्र हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन एवं फिल्मोत्सव में सीआरएसयू के मास कम्यूनिकेशन विभाग के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। दो दिवसीय आयोजन में तीन श्रेणियों में पांच प्रकार की प्रतियोगिताओं में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश से प्रतिभागियों ने भाग लिया। मीडिया शिक्षक व मीडिया विद्यार्थी श्रेणी की प्रतियोगिताओं में सीआरएसयू के जनसंचार विभाग के अध्यापक व विद्यार्थी विजयी रहे। मीडिया अध्यापक श्रेणी में जन संचार विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर जयपाल और भारती बतरा द्वारा संयुक्त रुप से लिखित लेख हरियाणा की परंपरा का स्वरूप हरियाणवी फिल्मों के माध्यम से प्रथम स्थान प्राप्त करके 11 हजार रुपये का इनाम जीता। भारती बतरा और जयपाल द्वारा प्रस्तुत रिसर्च पेपर कवरेज, कंटेंट एंड कंटेक्सट ऑफ मीडिया कवरेज ऑन हरियाणा डे को तीसरे स्थान पर रहकर 3100 रुपये का इनाम जीता। साथ ही डाक्यूमेंट्री व फोटोग्रॉफी प्रतियोगिताओं में भी शिक्षक वर्ग में ट्रॉफी प्राप्त की। विद्यार्थी वर्ग में लेख प्रतियोगिता में ट्विंकल संधू को प्रथम स्थान के साथ प्रमाण पत्र व 11000 रुपये का इनाम जीता। फोटोग्राफी में मनीषा को प्रथम स्थान के साथ प्रमाण पत्र व 7100 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। डाक्यूमेंट्री में वासुदेव को द्वितीय स्थान के साथ प्रमाण पत्र व 7100 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई व कुसुम द्वारा निर्मित डॉक्यूमेंट्री गुलाबी ऑटो को सांत्वना पुरस्कार मिला। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरबी सोलंकी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और कहा कि जन संचार विषय में अपार संभावनाएं हैं। इस प्रकार के आयोजनों में प्रतिभागिता से हुनर की पहचान एवं विकास होता है। उन्होंने वाईएमसीए विश्वविद्यालय व विश्व संवाद केंद्र के संयुक्त प्रयास की सराहना की। प्रो. सोलंकी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित व छह राज्यों के प्रतिभागियों में हमारे विश्वविद्यालय के मास कम्यूनिकेशन विभाग का प्रदर्शन अति सराहनीय रहा। सीआरएसयू के कुलसचिव डॉ. राजबीर सिंह ने कहा यह हमारे लिए गौरव की बात है कि हमारे जनसंचार विभाग के अध्यापक व विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन दिया और विश्वविद्यालय के लिए सम्मान अर्जित किया। हमें संपूर्ण विश्वास है कि भविष्य में भी हमारे अध्यापक और अध्यापकों के दिशा-निर्देश में विद्यार्थी बेहतर कार्य करते रहेंगे। जनसंचार विभाग के चेयरपर्सन प्रो. संजय कुमार सिन्हा ने विजयी प्रतिभागियों को बधाई दी व बताया कि यह अत्यंत गौरव की बात है कि हमारे जनसंचार विभाग ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में कुल सात ट्रॉफियों के साथ विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवांवित किया है।