संवाद न्यूज एजेंसी
जुलाना। कस्बे में इलेक्ट्रानिक की दुकानों से 708986 रुपये का सामान खरीदकर कंपनी को चूना लगाने के आरोप में जुलाना थाना पुलिस ने उगालन गांव निवासी सोनू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बजाज फाइनेंस कंपनी के लोकेशन मैनेजर विनोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हिसार जिले के उगालन गांव निवासी सोनू ने गिरोह बनाकर कंपनी के साथ धोखाधड़ी की है। विनोद ने आरोप लगाया कि आरोपी ने अलग-अलग गांव में जाकर महिलाओं के दस्तावेज एकत्रित कर उनसे छेड़छाड़ कर जुलाना कस्बे की अलग-अलग दुकानों से लाखों रुपये का सामान खरीद लिया। जब कंपनी की किश्त नही आई तो कंपनी के सदस्य गांवों में गए तो पता चला कि उन्होंने लोन लिया ही नहीं है। जिस पर कंपनी के अधिकारियों ने जांच में पता लगाया कि आरोपी युवक उनसे लोन दिलाने के नाम पर कागजात ले जाता और उनसे छेड़छाड़ कर दूसरी महिलाओं की आधार पर फोटो एडिट करवाकर उनके नाम से लोन ले लेता था। लोकेशन मैनेजर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी के साथ गिरोह के रूप में काम कर रहा है। जांच में पता चला कि एक ही महिला अलग-अलग कपड़े बदलकर दूसरी दुकानों से भी फर्जी दस्तावेजों के सहारे सामान खरीद रही थी। पुलिस ने विनोद की शिकायत पर उगालन गांव निवासी सोनू के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
वर्जन
पुलिस को शिकायत मिली थी कि उगालन गांव निवासी सोनू ने महिलाओं से कागजात लेकर लोन किसी ओर को दिला दिया। पुलिस ने अरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-रामरूप लोहान, जांच अधिकारी जुलाना।