जींद। गोरक्षा दल के सदस्यों ने आचार्य नरेंद्र के नेतृत्व में बुधवार को रानी तालाब पर पुतला फूंककर रोष प्रकट किया। आचार्य ने कहा कि सरकार को गायों की रक्षा के लिए विशेष कदम उठाना चाहिए। जिससे गाय की नस्ल में सुधार करके आर्थिक रूप से कमजोर किसानों को फायदा हो सके। बैल से खेती करने वाले किसानों को विशेष अनुदान मिलना चाहिए। गायों की हत्या के चलते गायों और बैलों की संख्या कम होती जा रही है। गाय का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। हिंदू धर्म की मान्यता के अनुसार गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना जाता है। गाय की हत्या करने वाले को मृत्युदंड देने का प्रावधान होना चाहिए ताकि इससे गाय की तस्करी पर रोक लग सके। नंदी शालाओं में भी विशेष सुविधा उपलब्ध करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कहने के लिए तो सरकार नंदी शालाओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, पर अभी नंदी शालाओं में भी सुधार की काफी जरूरत है। नंदी शालाओं में भी सुविधा के अभाव में काफी गोवंशों की मृत्यु हो चुकी है। ऐसे में सरकार को और ठोस कदम उठाने की जरूरत है। इस अवसर पर ईश्वर सिंह, राजबीर, अनिल, गौरव, सचिन यादव, मनीष, मोनू, प्रवीण व दीपक मौजूद रहे।