मांगों को लेकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। मांगों को लेकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने तहसील कार्यालय परिसर के सामने धरना दिया। धरने की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान ईश्वर ठाकुर ने की। उम्र बढ़ने पर पेंशन बढ़ाना, मेडिकल भत्ता तीन हजार रुपये देना, मेडिकल बिल क्लेम 15 दिन के अंदर देना, पूर्व कर्मचारियों की पेंशन संशोधित करने का आदेश लागू करना, मजदूरों को न्यूनतम वेतन 18 हजार देना, बुजुर्गों को सस्ते रेट पर मकान बनाकर देने के अलाव कई मांगें लंबित पड़ी हैं। ईश्वर ठाकुर ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने दो दिसंबर को राज्य सम्मेलन करके सरकार से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मांगे पूरी करने की अपील की गई थी। मगर सरकार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मांगों पर कोई कदम नहीं उठाया है। उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो पूर्व कर्मचारी 28 मार्च को वित्त मंत्री के निवास स्थान पर धरना देंगे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे और सेवानिवृत्त कर्मचारी जनता के बीच जाकर सभी संगठनों से समर्थन कर सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी। इस अवसर पूर्व प्रधान शेर सिंह, जयभगवान, ईश्वर, सेशन लाल, प्रेम सिंह, चरण सिंह, चांदराम, सुमेर, कलिराम, सतबीर व रमेश मौजूद रहे।