संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए सोमवार को अर्जुन स्टेडियम, एकलव्य स्टेडियम, नवदीप स्टेडियम नरवाना में ट्रायल हुई। जिले से 23 खेलों के लिए कुल 561 महिला व पुरुष खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के माध्यम से किया जाना था। कुश्ती, कबड्डी, भारोतोलन, हाकी, शूटिंग, आर्चरी, फैंसिंग, जूडो, हैंडबाल, टेबल टेनिस, फु टबाल जैसे खेल शामिल हैं। जींद के एकलव्य स्टेडियम में आर्चरी के खेलों की ट्रायल कोच अमित व अन्य प्रशिक्षकों की अगुवाई में हुई। वहीं जूडो खेल की ट्रायल कोच ज्योत्सना ने ली। नवदीप स्टेडियम नरवाना में एथलेटिक्स कोच बीरबल दूहन ने एथलेटिक्स खिलाड़ियों की ट्रायल ली। राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 28 से 30 नवंबर तक पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में, चार से छह दिसंबर तक करनाल, रोहतक फरीदाबाद और गुरुग्राम में आयोजित होना है। जिला खेल अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर ट्रायल के माध्यम से महिला व पुरुष खिलाड़ियों का चयन किया गया है।