महिला हैंडबॉल में सीआरएसयू जींद ने हिप्र विवि शिमला को 16-13 से हराया
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद में चल रही चार दिवसीय नार्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय हैंडबॉल महिला प्रतियोगिता के अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल के मुकाबले हुआ। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कुमारी रितु ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। कुलपति आरबी सोलंकी मुख्यातिथि थे। फाइनल में सीआरएसयू जींद ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला को 16-13 से परास्त किया। प्रतियोगिता के दौरान तीसरे स्थान पर गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी हिसार को मिला। सोमवार को चार प्रतियोगिताएं हुईं, जिसमें पहला मैच गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय हिसार और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के बीच खेला गया, जिसमें जीजेयू हिसार ने केयूके को 19-13 से हराया। दूसरा मैच सीआरएसयू जींद और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के बीच खेला गया, जिसमें सीआरएसयू जींद ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को 21-6 से हराया। तीसरा मैच हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला एवं जीजेयू हिसार के बीच हुआ जिसमें हिमाचल विश्वविद्यालय शिमला ने जीजेयू को 21-12 से मात दी। फाइनल मुकाबला सीआरएसयू जींद व हिमाचल विश्वविद्यालय शिमला के बीच हुआ जिसमें सीआरएसयू विजेता रहा। कुमारी रितु को कुलपति आरबी सोलंकी व रजिस्ट्रार राजबीर सिंह मोर ने सम्मानित किया। इस मौके पर विजेता टीम सीआरएसयू को सम्मानित किया।