जींद। बैंक में 50 हजार जमा करवाने आए व्यक्ति के रुपये रास्ते में ही चोरी हो गए। व्यक्ति अपने घर से ऑटो रिक्शा में बैठकर बैंक आया था। शहर थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ रुपये चोरी का मामला दर्ज किया है।
शहर के मॉडल टाउन निवासी नसीब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता पालेराम 14 अक्तूबर को सुबह 10 बजे आईसीआईसीआई बैंक में 50 हजार रुपये जमा करवाने के लिए घर से निकले थे। कुछ दूर जाने के बाद एक ऑटो रिक्शा वाला उनके पास आकर रुका और कहा कि अंकल बैठ जाओ, आपको छोड़ देंगे। वह ऑटो की पिछली सीट पर बैठ गया। इसके बाद वह बैंक के लिए चल पड़े। जब उनके पिता बैंक के सामने उतर कर राशि संभाली तो वह नहीं मिली। नसीब ने आरोप लगाया कि जो युवक ऑटो रिक्शा में उनके पास बैठा था उसी ने उसकी जेब से राशि निकाली है। जांच अधिकारी एएसआई सुखविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।