रेलवे रोड स्थित बिजली की दुकान से सामान खरीद गए व्यक्ति की जेब से युवकों ने पचास हजार रुपये निकाल लिए। व्यक्ति की शिकायत पर शहर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रेम नगर निवासी सूबे सिंह वीरवार दोपहर बैंक से एक लाख रुपये निकालकर आर्य स्कूल के निकट हरियाणा इलेक्ट्रिकल स्टोर से बिजली का सामान खरीद रहा था। उसी दौरान 12 से 16 साल के तीन युवक दुकान में सामान खरीदने के बहाने पहुंचे और सूबे सिंह की जेब से पचास हजार रुपये का पैकेट निकाल लिए। जब सूबे सिंह ने अपनी जेब संभाली तो वह तीनों युवक वहां से निकल चुके थे। पैसे जेब में नहीं मिलने पर उन्होेंने तुरंत शहर पुलिस को सूचित किया और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। इसमें तीन युवक दुकान पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। एक युवक सूबे सिंह के इर्द-गिर्द घूम रहा है। जांच अधिकारी भीम सिंह ने बताया कि सूबे सिंह के 50 हजार रुपये गायब होने की शिकायत मिली है। इसकी जांच की जा रही है।