मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट बनाने के लिए भटकते रहे युवा
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। नागरिक अस्पताल में नौकरी के लिए मेडिकल फिटनेस का सर्टिफिकेट बनवाने के लिए आए युवाओं को मंगलवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यहां हड्डी रोग विशेषज्ञ के छुट्टी पर होने के कारण युवाओं के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं बन पाए। अब बुधवार को इन युवाओं को फिर से नागरिक अस्पताल के चक्कर काटने होंगे। हड्डी रोग विशेषज्ञ के बुधवार को आएंगे, इससे पहले हरियाणा सरकार ने ग्रुप-डी के तहत युवाओं की भर्ती की थी। इसके बाद हरियाणा पुलिस में सिपाही, सब-इंस्पेक्टर और अब शिफ्ट अटेंडेंट में युवाओं का चयन हुआ है। जींद जिले के लगभग 250 युवाओं का इसमें चयन हुआ है। सोमवार से युवा अपना मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचने शुरू हो गए। मंगलवार को हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संतलाल के छुट्टी पर होने के कारण युवाओं के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट पूरे नहीं हो पाए। हालांकि नागरिक अस्पताल प्रशासन ने दूसरे नागरिक अस्पताल से हड्डी रोग विशेषज्ञ को डेपुटेशन पर एक दिन के लिए बुलाया था लेकिन वह किन्हीं कारणों से नहीं आ पाए। अब बुधवार को डॉ. संतलाल के आने के बाद ही युवाओं के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट बन पाएंगे।
आज बनाए जाएंगे मेडिकल सर्टिफिकेट
हड्डी रोग विशेषज्ञ के छुट्टी पर होने के कारण युवाओं को परेशानी हुई है। बुधवार को डॉ. संतलाल के आने के बाद युवाओं को मेडिकल सर्टिफिकेट बना दिए जाएंगे।
-डॉ. शशि प्रभा, सिविल सर्जन, जींद।