फोटो 12जेएनडी12-आईटीआई में लगे कैंप में साक्षात्कार लेते हुए कंपनी अधिकारी। स्रोत कर्मचारी
जींद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया गया। इसमें कुल 52 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 40 का चयन किया गया। प्रधानाचार्य प्रवेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट के दौरान कंपनी की भर्ती टीम ने अभ्यर्थियों की योग्यता और तकनीकी दक्षता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की। कैंपस प्लेसमेंट में एम/एस शोना एग्री सॉल्यूशन ने भाग लेकर मशीनिस्ट, फिटर और कोपा ट्रेड के प्रशिक्षुओं को रोजगार व अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध करवाए। इस पहल से आईटीआई के प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के बाद उद्योगों से जुड़ने का अवसर मिला। प्लेसमेंट एवं शिक्षुता शाखा से वर्ग अनुदेशक सोनू राम, ललित खटकड़, श्रवण कुमार, विनोद सैनी सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य प्रवेश कुमार ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कैंपस प्लेसमेंट प्रशिक्षुओं को सीधे उद्योगों से जोड़ने और उनके लिए रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध करवाने में अहम भूमिका निभाते हैं। संस्थान की ओर से भविष्य में भी अधिक से अधिक कंपनियों को आमंत्रित कर ऐसे आयोजन किए जाएंगे।