नरवाना। 20 से 29 जुलाई तक बेरूत (लेबनान) में होने वाली 15वीं जूनियर एशियन महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप में खेलने वाली भारतीय टीम में हरियाणा की 4 महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें से तीन खिलाड़ी मोनिका, आशा व काजल नरवाना ब्लॉक से हैं, जबकि चौथी खिलाड़ी खुशबू हिसार की रहने वाली हैं। गौरतलब है कि भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर पिछले एक माह से फैजाबाद (यूपी) में लगा था। भारतीय हैंडबॉल महासंघ ने टीम की घोषणा बुधवार शाम को फैजाबाद में की। वीरवार को टीम की सदस्य लेबनान के लिए रवाना हो गईं। हरियाणा हैंडबॉल संघ के महासचिव जुगमिंदर सिंह ने बताया कि भारतीय हैंडबॉल टीम में हरियाणा की चार महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया है। हरियाणा हैंडबॉल संघ के प्रधान जयप्रकाश, वरिष्ठ उपप्रधान आईएएसएम शाइना, आईएएस राजीव रतन व प्रदीप डागर ने खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों व अभिभावकों को बधाई दी।