लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद।
- फोटो : Jind
38 लोग मिले कोरोना संक्रमित, 21 ठीक भी हुए
जींद। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग को 487 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट मिली। इनमें से 38 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। चार फरवरी को भी इतने ही मामले सामने आए थे। छह महीने बाद यह दूसरी बार है जब एक ही दिन में 38 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राहत की बात यह है कि बुधवार को एक साथ 21 लोग ठीक भी हुए हैं। इस समय जिले में 114 एक्टिव केस हो गए हैं। इनमें से एक संक्रमित को नागरिक अस्पताल में दाखिल भी किया गया है।
कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम कटारिया ने बताया कि बुधवार को स्वास्थ्य विभाग को 487 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट मिली। इनमें से 38 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। अब तक स्वास्थ्य विभाग 499825 लोगों के सैंपल ले चुका है। इनमें से 24897 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। अब तक जिले में 551 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 24232 लोग कोरोना को मात देकर ठीक भी हुए हैं। जिले में इस समय 114 एक्टिव केस हैं। मंगलवार को जिले में 28 कोरोना संक्रमित मिले थे। मंगलवार को 28 लोगों ने कोरोना को मात भी दी थी। 17 जुलाई को जिले में कोरोना के 34 मामले मिले थे। इसके बाद अब बुधवार को सबसे अधिक 38 मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक कर रहा है। इसके बावजूद लोग कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। यदि लोग लापरवाही करते रहे तो कोरोना संक्रमण एक बार फिर से बेकाबू हो जाएगा।
7.80 प्रतिशत हुई संक्रमण की दर
जनवरी महीने में संक्रमण की दर 8 प्रतिशत के आसपास थी। इसके बाद सबसे अधिक संक्रमण की दर बुधवार को 7.80 प्रतिशत रही है। संक्रमण की यह दर काफी खतरनाक साबित हो सकती है। इस समय त्योहारी सीजन भी शुरू हो चुका है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतनी होगी।
कोरोना संकमण से बचाव के लिए लोगों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करना चाहिए। इस समय संक्रमण की गति काफी अधिक है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूक करता रहता है। हर व्यक्ति को मास्क लगाना चाहिए तथा शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना चाहिए।
-डॉ. जितेंद्र कादियान, प्रधान चिकित्सा अधिकारी