संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। बुनियाद कार्यक्रम के तहत जिले में 10 फरवरी को को दस परीक्षा केंद्रों पर 3790 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। योजना के तहत दाखिला पाने वाले विद्यार्थी निशुल्क कोचिंग का लाभ उठा सकेंगे। सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग की निशुल्क कोचिंग देने के लिए सरकार ने बुनियाद योजना चलाई है।
इसके तहत आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थी परीक्षा दे सकते हैं। जिन्हें नौवीं कक्षा में दाखिले के बाद 10 वीं कक्षा तक निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। इस कड़ी में लेवल 2 की परीक्षा 22 फरवरी को आयोजित होगी और 27 फरवरी को इसका परिणाम घोषित किया जाएगा। लेवल 3 में मोटिवेशनल सेमिनार और मूल्यांकन होगा जो एक मार्च से 15 अप्रैल तक चलेगा। इसके बाद 16 से 22 अप्रैल तक चयनित छात्रों के दाखिले होंगे और 24 अप्रैल से कक्षाएं शुरू होंगी। इसी तरह दूसरे फेज में 9 वीं कक्षा के छात्रों के लिए फरवरी के तीसरे सप्ताह में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिसमें 400 मेधावी विद्यार्थियों को ऑफ लाइन और प्रतीक्षा के 200 छात्रों को ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। परीक्षा का समय दोपहर एक बजे से लेकर तीन बजे तक होगा। विद्यार्थियों को 30 मिनट पहले आना होगा। विभाग की ओर से परीक्षा को लेकर 50 हजार रुपये बजट भी जारी किया गया है।