एटीएम और बैंक खातों से धोखाधड़ी करने के मामले निरंतर सामने आ रहे हैं। ऑनलाइन ठगी करने वाले लोगों ने अब बड़े अधिकारियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। अब एसडीएम मनदीप कुमार के खाते के साथ छेड़छाड़ कर किसी ने 37 हजार रुपये निकाल लिए। एसडीएम ने सफीदों पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवा दी है। एसडीएम ने कहा कि उनका रेलवे रोड स्थित एसबीआई में खाता है। उनके कार्यालय के सतीश कुमार व सुरक्षाकर्मी राममेहर 30 जनवरी को सुबह 10 हजार रुपये एटीएम से निकालने के लिए बैंक शाखा गए थे, परंतु उस समय एटीएम ने कार्य नहीं किया। इसके बाद बैंक के अंदर लगी पीओएस मशीन में एटीएम कार्ड स्वाइप करके यह राशि निकलवाई गई, लेकिन उनके खाते से 1 फरवरी को दोपहर बाद फिर से 37 हजार रुपये निकले का संदेश आया। उनका एटीएम कार्ड उनके पास ही था। एसडीएम ने कहा कि उनके खाते से किसी ने छेड़छाड़ कर रुपये निकाल लिए। सफीदों पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लोगों ने पुलिस से मांग की कि वह इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए धोखाधड़ी करने वालों को पकड़े।