जुलहेड़ा गांव में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा में 3 हजार 700 पुराने ग्रामीण सार्वजनिक भवनों का 31 मार्च तक नवीनीकरण किया जाएगा। इन भवनों में ग्रामीणों की सुविधा के अनुसार करीब 1200 लाइब्रेरी, 800 जिम और महिला शिक्षा एवं शक्तिकरण केंद्रों का निर्माण किया जाएगा। ये बातें हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने रविवार को गांव जुलहेड़ा में नवनिर्वाचित महिला सरपंच अनिता रानी की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में कहीं।
बबली ने कहा कि राजनीति व्यवसाय नहीं है बल्कि जनसेवा का बेहतर जरिया है। प्रत्येक जनप्रतिनिधि को इसी मंशा के अनुरूप कार्य करना चाहिए। जन सेवा ग्रामीण विकास भाईचारा प्रत्येक जनप्रतिनिधि की सोच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गांवों का समुचित विकास सरकार की पहली प्राथमिकता है और विकास परियोजनाओं के लिए सरकार के पास पैसे की कमी नहीं है। इसके लिए सभी नवनिर्वाचित ग्राम पंचायतों एवं आम ग्रामीणों के सकारात्मक सहयोग की जरूरत है।
ग्राम पंचायत की मांगों को यथासंभव पूरा करने का आश्वासन दिया। साथ ही सामान्य चौपाल के नवीनीकरण सभी ग्रामीण बस्तियों की कच्ची गलियों को पक्का करवाने, सामुदायिक केंद्र बनवाने, श्मशान घाट में शेड बनवाने, कब्रिस्तान की चारदीवारी निकलवाने का ब्लू प्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए। मंत्री देवेंद्र सिंह बबली को गांव के सरपंच प्रतिनिधि सतबीर नैन व पूर्व सरपंच गंगा सिंह नैन ने पगड़ी व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
नवनिर्वाचित महिला सरपंच अनिता रानी ने स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन हरियाणा शाखा के प्रधान जोगिंदर नैन, विजेंद्र सिंह सुरजेवाला, सरपंच रामफल कालवन, पूर्व सरपंच धर्मवीर, मा. रामचंद्र नैन, महावीर सरपंच सुलहेड़ा, डॉ. सतबीर बूरा, ओमप्रकाश चोपड़ा, राममेहर बाल्मीकि रहे।