संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। पिल्लूखेड़ा के पास से गुजर रहे नेशनल हाईवे 152-डी पर हरियाणा राज्य नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने एक ट्रक से 36 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने ट्रक चालक समेत दो लोगों को काबू कर उनके खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। ट्रक चालक की पहचान पंजाब के गुरदासपुर जिले के गांव विला निवासी कुलविंद्र के रूप में हुई है जबकि दूसरे की पहचान जिला होशियारपुर के गांव हलेड़ निवासी सतपाल के रूप में हुई।
राज्य नारकोटिक्स ब्यूरो हिसार टीम को सूचना मिली थी कि नारनौल की तरफ से एक ट्रक में नशीला पदार्थ भरकर लाया जा रहा है, जो पंजाब की तरफ तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। इसके आधार पर पुलिस ने पिल्लूखेड़ा के पास नेशलन हाइवे 152-डी पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ समय बाद नारनौल की तरफ से आ रहे एक ट्रक को रुकवा कर जब उसकी तलाशी ली तो ट्रक के कैबिन में दो कट्टे रखे मिले। इनकी जांच करने पर यह डोडा पोस्त पाया गया। इसका वजन 36 किलोग्राम हुआ। पुलिस पूछताछ में ट्रक चालक कुलविंद्र तथा सतपाल ने बताया कि वह पंजाब की तरफ जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी बलबीर ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसमें कितने लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा रहा है।