अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय और शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास नई दिल्ली के बीच वैदिक गणित में प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम पर समझौता हुआ है। इसमें सीआरएसयू के कुलगुरु प्रो. आरबी सोलंकी कुलसचिव डॉ. राजबीर सिंह एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास नई दिल्ली से अतुल कोठारी और डॉ. राकेश भाटिया उपस्थित रहे। सीआरएसयू के कुलसचिव डॉ. राजबीर सिंह एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास नई दिल्ली से अतुल कोठारी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए और एक-दूसरे को एमओयू की प्रति सौंपी। इस एमओयू के दौरान संस्थान संयुक्त तत्वावधान में वैदिक गणित से संबंधित डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्सेज चलाने के लिए सहमत हुए। सीआरएसयू के कुलगुरु प्रो. आरबी सोलंकी ने कहा कि यह विश्वविद्यालय का चौथा एमओयू है। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास नई दिल्ली वैदिक गणित में छह माह का प्रमाण-पत्र पाठ्यकम सत्र 2018-19 में प्रारंभ करेगा। इससे विद्यार्थी और शिक्षकों को वैदिक गणित के क्षेत्र में नवीन पहचान मिलेगी। वैदिक गणित भारतीय संस्कृति का बौद्ध करवाता है। कुलसचिव डॉ. राजबीर सिंह ने कहा कि यह एमओयू विश्वविद्यालय को वैदिक गणित के क्षेत्र में बेहतर पहचान दिलाएगा। इससे वैदिक गणित के ज्ञान से गणित सीखने में आसानी होगी।